18/09/2011



ख्वाबीदा...


किसी अनायास दिन
यूँ ही
तुमको याद करते-करते दूर कहीं रो पडूंगा
अकेले में निर्वासित
दुःख के भंवर में डूब जायेगी देह
उदास, गहरी और मटमैली

मौत आयेगी समझाइश करती कि चलो
तुम मुझसे दूर होगी
यों निचाट सभ्य किसी ऊसर में होगी मौत
सत्तर तल्ला मकान में उदास पड़ी होगी लाश
तुम तक पहुंचेगी खबर बहुत देर में
मैं कहीं दूर जा रहा होऊँगा.

मैं अपनी देह को आख़िरी नज़र से भरपूर देख कर
बहुत हताश था.
उसपर तुम्हारे होठों के निशान बहुत कम बचे थे
बासी त्वचा तुम्हारी स्मृतियों को झटक रही थी
आँखें खुली तो थीं पर उनमें तुम नहीं थीं
तुम क्या, कोई अक्स नहीं था

मैं चाहता हूँ
मुझसे पहले मौत तुम्हें चुने.
प्रेमी होने के नाते साथ मरने का मन है
तुम्हारे सामने मरने का इस जनम में कोई रास्ता नहीं सूझता
अगला जनम ऐसा ही नहीं होगा
कौन कहे?

अब जिंदगी भर की अकेली पूंजी
टूटे मोबाइल की आवाजों में समेट कर
जब भी मिलाओगी मेरा नंबर
हमेशा टूं-टूं की व्यस्त आवाज़ कानों को चुभेगी
कट जाएगा फोन
आवाज़ के परदे फट जायेंगें

जब दिल ही नहीं रहेगा
तब धक्-धक् कहाँ सुनोगी.

No comments: